22 C
Lucknow
Sunday, March 22, 2026

दोस्ती का झांसा देकर मासूम को लेकर फरार महिला गिरफ्तार, कई चौंकाने वाले खुलासे

Must read

 

बरेली
जिले के फरीदपुर क्षेत्र में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने दोस्ती का भरोसा जीतकर दूसरी महिला का नौ माह का बच्चा लेकर फरार हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और उसके कब्जे से दो बच्चों को बरामद किया है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है, वहीं पुलिस अब मामले की गहराई से जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, हरदोई जिले के देहात थाना क्षेत्र के गांव मिरगंवा निवासी सुनभला कुमारी ने फरीदपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 17 मार्च को वह अपने नौ माह के बेटे अरुण के साथ घर से निकली थी और अपनी बहन के गांव जाने के लिए बस में सवार हुई थी। रास्ते में उसकी मुलाकात एक महिला से हुई, जिसने उसकी आर्थिक परेशानी को देखते हुए उसका बस टिकट लिया और मदद का भरोसा दिलाया। इसके बाद वह महिला उसे अपने घर ले गई, जहां सुनभला दो दिन तक उसके साथ रही।

घटना के दिन आरोपी महिला सुनभला को बहाने से अपने साथ फरीदपुर कस्बे ले आई। वहां उसने पहले मोबाइल ठीक कराने का बहाना किया और फिर बैंक में काम होने की बात कहकर सुनभला से उसका बच्चा ले लिया। महिला ने भरोसा करके अपना नौ माह का बेटा उसे सौंप दिया, लेकिन आरोपी महिला वापस नहीं लौटी। काफी देर इंतजार के बाद पीड़िता को शक हुआ और उसने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें महिला बच्चे को लेकर जाते हुए दिखाई दी। इसके आधार पर पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर दबिश दी और आखिरकार आरोपी महिला को फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र के खनी नवादा गांव स्थित उसकी ससुराल से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से दो बच्चे बरामद हुए, जो उसके अपने नहीं थे।

पूछताछ में आरोपी महिला की पहचान कुशीनगर जिले के पडरौना क्षेत्र निवासी बिंदा उर्फ रंजना के रूप में हुई है, जिसने तीन शादियां की थीं। पुलिस जांच में सामने आया कि उसने अपने जीवन में कई संदिग्ध गतिविधियां की हैं। आरोप है कि उसने अपने तीन बच्चों को भी गायब कर दिया और अपने तीसरे पति को गुमराह करने के लिए अन्य बच्चों को लाकर अपना बताती रही।

पुलिस ने मामले में महिला के मेरठ निवासी दूसरे पति को भी बुलाया है, ताकि बरामद बच्चों की सही पहचान हो सके। अधिकारियों के अनुसार, आरोपी महिला से गहन पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उसने अपने बच्चों के साथ क्या किया या कहीं उन्हें बेच तो नहीं दिया। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जाएगा।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article