22 C
Lucknow
Sunday, March 22, 2026

शराब के नशे में युवक 80 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ा, डेढ़ घंटे चला हाई-वोल्टेज ड्रामा

Must read

नवाबगंज, फर्रुखाबाद। क्षेत्र के अचरा गांव में रविवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब शराब के नशे में धुत एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। करीब 80 फीट ऊंचाई पर पहुंचे युवक को देखकर ग्रामीणों की सांसें थम गईं और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।

जानकारी के अनुसार, ग्राम खलवारा निवासी सूरज उर्फ पीकू पुत्र ब्रजेश रविवार शाम करीब 6 बजे नशे की हालत में अचरा स्थित मोबाइल टावर के पास पहुंचा और देखते ही देखते टावर पर चढ़ गया। जब तक लोग कुछ समझ पाते, वह टावर के काफी ऊपर पहुंच चुका था।

घटना की सूचना मिलते ही अचरा चौकी इंचार्ज सूर्य प्रकाश उपाध्याय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए। इस दौरान गांव के ही विकास यादव, अनुपम यादव और पुष्पेंद्र यादव जान जोखिम में डालकर टावर पर चढ़े और युवक को समझाने की कोशिश की।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सूरज उर्फ पीकू बार-बार टावर से कूदने की धमकी दे रहा था और समझाने गए लोगों के साथ मारपीट भी कर रहा था। करीब 30 मिनट तक टावर पर समझाने का प्रयास चला, लेकिन युवक नीचे आने को तैयार नहीं था।

विकास यादव ने बताया कि युवक बार-बार कह रहा था, “अब हम मुंह कैसे दिखाएंगे, मुझे कूदने दो।” काफी देर तक समझाने के बाद उसने शर्त रखी कि पहले नीचे खड़ी भीड़ को हटाया जाए। इसके बाद चौकी इंचार्ज को फोन कर भीड़ हटवाई गई, तब जाकर युवक नीचे उतरने को तैयार हुआ।

करीब डेढ़ घंटे तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद आखिरकार युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। पुलिस ने उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बताया गया कि सूरज उर्फ पीकू पेशे से हलवाई का कारीगर है और तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर है। बड़ा भाई सुमित और छोटा भाई नितेश है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article