शाहजहांपुर। रोजा थाना क्षेत्र के लोदीपुर स्थित ट्रूयू वैल्यू के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क किनारे खड़ी एक कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि कार पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार काफी देर से सड़क किनारे खड़ी थी, तभी अचानक उसमें से धुआं निकलने लगा और कुछ ही पलों में आग भड़क उठी। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है। प्राथमिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।


