– एएसपी अरुण कुमार समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे
फर्रुखाबाद। जनपद में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जहां बिजली के पोल से लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली में कार घुस जाने से 5 वर्षीय मासूम बालिका इनाया की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना शमशाबाद क्षेत्र के गांव रोशनाबाद निवासी निहाल अपनी पत्नी शबनम और तीन मासूम बेटियों—इनाया (5 वर्ष), अनाविया (4 वर्ष) और अलजुमा (2 वर्ष)—के साथ कार से कमालगंज स्थित ससुराल जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार बघार नाले के पास पहुंची, उसी समय आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली, जिसमें बिजली के लंबे पोल लदे थे, अचानक मुड़ते हुए पीछे की ओर बैक होने लगी।
इसी दौरान पीछे से आ रही निहाल की कार अनियंत्रित हो गई और सीधे ट्रॉली में लदे पोलों से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि भारी-भरकम पोल कार को चीरते हुए अंदर तक घुस गए और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
इस दर्दनाक हादसे में 5 वर्षीय इनाया की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी बहनें अनाविया और अलजुमा, मां शबनम और पिता निहाल गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर ऐश्वर्या उपाध्याय, क्षेत्राधिकारी यातायात अभय वर्मा, कोतवाली फतेहगढ़ प्रभारी रणविजय सिंह और थाना प्रभारी कादरी गेट कपिल चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत कार्य संभाला।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को तत्काल डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने मासूम इनाया को मृत घोषित कर दिया। बच्ची की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्रारंभिक जांच में ट्रैक्टर-ट्रॉली के अचानक बैक होने और कार के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है। वहीं, स्थानीय लोगों ने सड़क पर सुरक्षा इंतजामों की कमी और लापरवाही को लेकर नाराजगी जताई है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई जारी है।


