शाहजहांपुर। भीषण गर्मी और आगामी मानसून को देखते हुए जिला प्रशासन ने अभी से तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में जनहित से जुड़े कई अहम फैसले लिए गए। शहर के व्यस्ततम सुभाष चौराहा को अब ‘कूल स्पॉट’ के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां वाटर मिस्ट सिस्टम लगाया जाएगा, जिसके जरिए हवा में बारीक पानी की फुहार छोड़ी जाएगी। इससे राहगीरों को तेज धूप और लू से राहत मिलेगी। प्रशासन का मानना है कि यह व्यवस्था भीड़भाड़ वाले इलाकों में काफी कारगर साबित होगी।
बैठक में बाढ़ की संभावनाओं पर भी गंभीरता से मंथन हुआ। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाढ़ से निपटने के लिए सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं। जनपद की बाढ़ चौकियों, राहत शिविरों, नावों और गोताखोरों की सूची को तत्काल अपडेट करने के निर्देश दिए गए। हीट-वेव से बचाव के लिए भी प्रशासन ने व्यापक रणनीति बनाई है।
प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर वाटर कूलर, ठंडे पानी के मटके और शेल्टर होम की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही लोगों को लू से बचाव के प्रति जागरूक करने के लिए बैनर, पोस्टर और सोशल मीडिया के माध्यम से अभियान चलाया जाएगा। प्रशासन के इन कदमों से गर्मी में आमजन को राहत मिलने की उम्मीद है।


