प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज (Prayagraj) में शुक्रवार सुबह से ही बादल छाए रहे और प्रदेश के कई हिस्सों में जोरदार बारिश हुई है। जोरदार बारिश के कारण भारी तबाही मची है। कई जगहों पर जल भराव की समस्या है। बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। वहीं बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान (Farmer) की मौत भी हो गई है। वहीं उसका बेटा भी इस घटना में झुलस गया है और साथ ही कई मवेशी भी आकाशीय बिजली का शिकार हुए हैं।
जानकारी के मुताबिक सरायइनायत थाना क्षेत्र के सहसों पुलिस चौकी अंतर्गत चकिया घरहरा गांव में बिजली गिरने से संग्राम सिंह यादव (58) की मौके पर मौत हो गई। उनका बेटा ज्ञान सिंह यादव भी झुलस गया है, जिसका इलाज शहर में ही चल रहा है। बिजली की चपेट में आने से दो गायों की भी मौत हो गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बता दें कि मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए भी चेतावनी जारी की थी। कई जिलों में बारिश के साथ इन जिलों में 50-60 किमी की रफ़्तार से हवाएं भी चलने के आसार है। बारिश और हवा की वजह से लोगों को ठंडक का एहसास हो रहा है। 21 मार्च तक प्रदेश के कई इलाकों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि, 22 मार्च से मौसम सामान्य हो जाएगा, यानी गर्मी से थोड़ी राहत मिलने के बाद फिर से तपिश का एहसास होगा।
एटा, फर्रुखाबाद, कन्नौज, इटावा, औरैया, कानपुर, जालौन, हमीरपुर, फतेहपुर, गोंडा, कासगंज, आगरा, फिरोजाबाद, सहारनपुर, बागपत, बिजनौर, शामली, मुजफ्फरनगर, मुरादाबाद, मेरठ, नोएडा, गाजियाबाद, हापुड़, संभल, बुलंदशहर, अलीगढ़, बदायूं, मथुरा, अलीगढ़, बदायूं, हाथरस, मैनपुरी में तेज आंधी के साथ बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है। वहीं लखनऊ, झांसी, ललितपुर, महोबा, चित्रकूट, कौशांबी, रायबरेली, उन्नाव, हरदोई, अमेठी, प्रतापगढ़, प्रयागराज, जौनपुर, वाराणसी, चंदौली, संत रविदास नगर, मीरजापुर और सोनभद्र में बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। इन जिलों में 50-60 किमी की रफ़्तार से तेज हवाएं चलेंगी।


