18-19 मार्च की रात चाकुओं से गोदकर खेत में फेंका, हैलट अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
कानपुर देहात। जिले के डेरापुर थाना क्षेत्र के खिरवां गांव में प्रेम प्रसंग के शक में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां चचेरे भाई ने अपने ही भाई की निर्मम हत्या कर दी। इस घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, 18-19 मार्च की रात आरोपी चचेरे भाई ने अपने एक साथी के साथ मिलकर युवक पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को आरोपियों ने लहूलुहान हालत में खेत में ही छोड़ दिया और मौके से फरार हो गए।
सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर पहुंचे तो खून से लथपथ युवक को देखकर हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद घायल युवक को आनन-फानन में कानपुर के हैलट अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना के पीछे प्रेम प्रसंग को लेकर शक और रंजिश मुख्य कारण बताया जा रहा है। इसी शक के चलते आरोपी ने इस खौफनाक साजिश को अंजाम दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी सुखबीर को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
प्रेम प्रसंग के शक में खौफनाक साजिश, चचेरे भाई ने ली युवक की जान


