27 C
Lucknow
Thursday, March 19, 2026

स्कूल से लौट रहे मासूम को बस ने कुचला, कक्षा एक के छात्र की दर्दनाक मौत से मचा कोहराम

Must read

 

एटा

जनपद में एक हृदय विदारक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। कासगंज हाईवे पर गुरुवार को एक अनुबंधित रोडवेज बस की चपेट में आने से कक्षा एक में पढ़ने वाले मासूम छात्र ललित की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वह अपने स्कूल से छुट्टी के बाद अपनी बहनों के साथ घर लौट रहा था, तभी यह भीषण हादसा हो गया।
जानकारी के अनुसार, मिरहची थाना क्षेत्र के गांव अमृतपुर निवासी राघवेंद्र का इकलौता बेटा ललित अपने विद्यालय से बहनों के साथ पैदल घर जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक अनुबंधित रोडवेज बस ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि मासूम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरू कर दी। बाद में पुलिस ने फरार चालक को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। पिता राघवेंद्र और मां का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं तीनों बहनें अपने इकलौते भाई की मौत से गहरे सदमे में हैं। परिवार ने बताया कि ललित चार भाई-बहनों में सबसे छोटा और घर का इकलौता बेटा था, जिससे सभी को उससे काफी उम्मीदें थीं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि हाईवे पर वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण लगाया जाए और स्कूल समय में विशेष सतर्कता बरती जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। यह हादसा क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article