आगरा: समाजवादी पार्टी ने घरेलू गैस सिलिंडर की किल्लत और बढ़ती महंगाई के विरोध में बुधवार को जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ता और महिला कार्यकर्ता खाली गैस सिलिंडर और चूल्हा लेकर कलक्ट्रेट आगरा पहुंचे, जहां उन्होंने चूल्हा जलाकर रोटियां बनाते हुए सरकार के खिलाफ विरोध जताया।
प्रदर्शन का नेतृत्व सपा जिलाध्यक्ष ऊदल सिंह कुशवाहा और महिला सभा की जिलाध्यक्ष कुसुम लता यादव ने किया। दोपहर करीब 12 बजे बड़ी संख्या में कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे और गैस संकट को लेकर सरकार पर निशाना साधा।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने आरोप लगाया कि घंटों लाइन में लगने के बावजूद गैस सिलिंडर उपलब्ध नहीं हो रहा है, जबकि ब्लैक में इसकी कीमत 2000 रुपये तक पहुंच गई है। सपा ने इसे आम जनता, खासकर महिलाओं के लिए गंभीर समस्या बताते हुए तत्काल समाधान की मांग की।
सपा नेता ममता टपलू ने कहा कि रसोई गैस की किल्लत से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है और इसका सबसे ज्यादा असर गृहिणियों पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पहले से बढ़ती महंगाई के कारण घर चलाना मुश्किल था, अब गैस संकट ने स्थिति और भी गंभीर बना दी है।
जिलाध्यक्ष ऊदल सिंह कुशवाहा ने आरोप लगाया कि सरकार की उज्ज्वला योजना पूरी तरह विफल साबित हो रही है और महिलाएं गैस सिलिंडर के लिए भटकने को मजबूर हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो सपा व्यापक आंदोलन करेगी।
इस दौरान जिला महासचिव संतोष पाल बघेल, पवन प्रजापति, देवेंद्र यादव, सोमेश गुप्ता, रामनाथ सविता, परवेज खान, प्रदीप बघेल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।


