औरैया। जनपद के थाना क्षेत्र अंतर्गत बेला-कानपुर मार्ग पर मंगलवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे खड्ड में जा गिरा। हादसे का कारण ट्रक की स्टीयरिंग फेल होना बताया जा रहा है। राहत की बात यह रही कि चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और उसकी जान बच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बिधूना कोतवाली क्षेत्र के गांव ताजपुर निवासी चालक आजाद मंगलवार रात करीब नौ बजे ट्रक लेकर बिधूना से कानपुर की ओर जा रहा था। वह कानपुर से ट्रांसपोर्ट का माल लाने के लिए निकला था। जैसे ही ट्रक बेला-कानपुर मार्ग पर स्थित गांव याकूबपुर के पास सुभाष इंटर कॉलेज के सामने पहुंचा, अचानक ट्रक की स्टीयरिंग ने काम करना बंद कर दिया। इससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रक तेजी से सड़क किनारे गहरे खड्ड में जा गिरा।
हादसे के दौरान ट्रक के खड्ड में गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही याकूबपुर चौकी इंचार्ज संदीप जादौन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से राहत कार्य शुरू किया गया।
काफी मशक्कत के बाद चालक आजाद को ट्रक के केबिन से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में उसे मामूली चोटें आईं, लेकिन वह पूरी तरह सुरक्षित है। पुलिस ने मौके पर स्थिति को नियंत्रित किया और आवश्यक कार्रवाई पूरी की।
थानाध्यक्ष गंगादास गौतम ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण स्टीयरिंग फेल होना पाया गया है। बुधवार को ट्रक मालिक द्वारा क्रेन मंगवाकर ट्रक को खड्ड से बाहर निकलवा लिया गया। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन समय रहते राहत कार्य होने से एक बड़ा हादसा टल गया।
स्टीयरिंग फेल होने से खड्ड में जा गिरा ट्रक, चालक बाल-बाल बचा


