➤ रीजनल ऑफिस लखनऊ को मेल के जरिए मिली धमकी
➤ डाकघर में पुलिस ने चलाया सघन सर्च अभियान
➤ तमिल मुक्ति संगठन के नाम से दी गई धमकी
➤ जांच में फिलहाल कुछ संदिग्ध नहीं मिला
अम्बेडकरनगर। जिले में उस समय हड़कंप मच गया जब एक पोस्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की सूचना सामने आई। यह धमकी ईमेल के माध्यम से रीजनल पासपोर्ट ऑफिस (आरपीओ) लखनऊ को प्राप्त हुई थी, जिसके बाद संबंधित अधिकारियों को तत्काल अलर्ट किया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं और संबंधित डाकघर परिसर में पहुंचकर सघन तलाशी अभियान चलाया गया। बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉयड की मदद से पूरे परिसर की बारीकी से जांच की गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह धमकी किसी “तमिल मुक्ति संगठन” के नाम से दी गई है। हालांकि पुलिस अभी इसकी सत्यता और स्रोत की जांच कर रही है।
जांच के दौरान फिलहाल कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से पूरे क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर टीम को भी जांच में लगाया गया है, ताकि मेल भेजने वाले की पहचान की जा सके। इस घटना के बाद डाकघर और आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है, वहीं आम लोगों में भी सतर्कता देखी जा रही है।
(यूथ इंडिया ब्यूरो)


