शाहजहांपुर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत विधानसभा तिलहर क्षेत्र के निगोही स्थित आदर्श इंटर कॉलेज रामलीला मैदान में बुधवार को भव्य आयोजन में 212 नवयुगलों का विवाह संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में तिलहर विधायक सलोना कुशवाहा, जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा एवं ब्लॉक प्रमुख कविता यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इस दौरान 198 हिंदू और 14 मुस्लिम जोड़ों का विधि-विधान से विवाह कराया गया। उपस्थित अतिथियों ने सभी नवदंपतियों को सुखद दांपत्य जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सलोना कुशवाहा ने कहा कि बेटियों को बोझ नहीं समझना चाहिए। सरकार उनके कल्याण के लिए लगातार योजनाएं चला रही है और बेटियों की जिम्मेदारी अपने कंधों पर ले रही है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत प्रति जोड़े पर लगभग एक लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। साथ ही प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को सशक्त किया जा रहा है। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि यह योजना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत 60 हजार रुपये सीधे कन्या के खाते में भेजे जाते हैं, 25 हजार रुपये का गृहस्थी का सामान दिया जाता है और 15 हजार रुपये विवाह आयोजन पर खर्च किए जाते हैं।
इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश शर्मा, क्षेत्र पंचायत अध्यक्षगण, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष शिवनरायण मिश्रा, सर्वेश वर्मा, विपिन, उपायुक्त मनरेगा, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


