शाहजहांपुर में एक सड़क हादसे में ऑटो सवार सब्जी विक्रेता की मौत हो गई। मृतक की पहचान 40 वर्षीय निसार अली के रूप में हुई है, जो बुधवार सुबह मंडी जा रहे थे। यह हादसा बतलैया के पास हुआ, जब एक तेज रफ्तार कार ने उनके ऑटो को पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि निसार अली की मौके पर ही मौत हो गई। ऑटो चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर खंती में पलट गई और उसका चालक मौके से फरार हो गया।
निसार अली थाना कटरा क्षेत्र के खड़करी गांव के निवासी थे। वह प्रतिदिन मंडी से सब्जी खरीदकर गांव की बाजार में बेचते थे और इसी से अपनी पत्नी और चार बच्चों का भरण-पोषण करते थे। निसार की मौत से उनके परिवार में मातम छा गया है।
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव की पहचान कर परिजनों को सूचित किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि कार चालक की तलाश की जा रही है।


