लखनऊ। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव के विवाह उपरांत आयोजित भव्य रिसेप्शन समारोह में मंगलवार को राजनीति और खेल जगत की कई बड़ी हस्तियां शामिल हुईं। राजधानी लखनऊ में आयोजित इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
रिसेप्शन में पहुंचते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नवविवाहित जोड़े को बुके भेंट कर आशीर्वाद दिया। इस दौरान कुलदीप यादव ने पारंपरिक सम्मान दिखाते हुए सीएम के पैर छुए, जबकि उनकी पत्नी वंशिका सिंह ने हाथ जोड़कर नमस्ते कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्यमंत्री ने वर-वधू को उपहार भी भेंट किया। स्टेज से उतरते समय भी कुलदीप ने पुनः उनके पैर छूकर सम्मान प्रकट किया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने मुख्यमंत्री के साथ सेल्फी और तस्वीरें भी खिंचवाईं, जिसमें कुछ विदेशी मेहमान भी शामिल रहे।
समारोह में सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी पहुंचे, जहां कुलदीप यादव और वंशिका सिंह ने उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इस मौके पर अखिलेश यादव ने नवदंपति के साथ फोटो सेशन भी कराया। उनके साथ सपा के वरिष्ठ नेता राजेंद्र चौधरी भी मौजूद रहे।
रिसेप्शन में भारतीय क्रिकेट टीम के हेड कोच गौतम गंभीर , दिग्गज बल्लेबाज शिखर धवन और ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा भी अपनी पत्नी के साथ शामिल हुए और नवविवाहित जोड़े को शुभकामनाएं दीं।
इसके अलावा कांग्रेस के राज्यसभा सांसद और बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला भी लखनऊ पहुंचे। एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि वे कुलदीप यादव के रिसेप्शन में शामिल होने आए हैं और उन्होंने कुलदीप व वंशिका को विवाह की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
उल्लेखनीय है कि कुलदीप यादव ने 14 मार्च को अपनी बचपन की दोस्त वंशिका सिंह के साथ उत्तराखंड के खूबसूरत हिल स्टेशन मसूरी में परिवार और करीबी रिश्तेदारों की मौजूदगी में विवाह किया था। इसके बाद लखनऊ में आयोजित इस रिसेप्शन में बड़ी संख्या में विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति ने समारोह को यादगार बना दिया।


