25 C
Lucknow
Tuesday, March 17, 2026

चिप्स बिस्कुट की आड़ में चल रहा था नशे का कारोबार, दो अलग-अलग मामलों में तस्कर गिरफ्तार

Must read

चंदौली: यूपी के चंदौली (Chandauli) में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों (illegal drugs) के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दो अलग-अलग कार्रवाइयों में कुल 93 किलोग्राम से ज्यादा गांजा बरामद किया है। इस दौरान चार तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 24 लाख रुपये बताई जा रही है।

पहली कार्रवाई मुगलसराय थाना पुलिस ने चकिया तिराहे पर की, चेकिंग के दौरान एक टाटा मैजिक वाहन से 38 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया। तस्करों ने गांजे को जले हुए मोबिल के ड्रमों में छिपा रखा था। पुलिस ने इस मामले में निरंजन कुमार और राजू कुमार, निवासी भोजपुर (बिहार) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि यह गांजा मध्य प्रदेश के हनुमना से वाराणसी पहुंचाया जाना था, जिसके लिए उन्हें 14 हजार रुपये मिलने थे।

दूसरी कार्रवाई चंदौली थाना और स्वाट/सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से नेशनल हाईवे-19 के पास की। यहां एक पिकअप वाहन से 55.350 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसे चिप्स और बिस्कुट के पैकेटों के बीच छिपाकर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने वाहन चालक विशाल दुबे (दिल्ली) और परिचालक बव्बन सिंह (बक्सर, बिहार) को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने खुलासा किया कि यह गांजा टेंगरा मोड़ से लादकर बिहार के चौसा ले जाया जा रहा था।

दोनों मामलों में संबंधित थानों पर एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। डीडीयू नगर के क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह ने इन कार्रवाइयों के संबंध में जानकारी दी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article