25.2 C
Lucknow
Monday, March 16, 2026

लोकसभा में निलंबित आठ विपक्षी सांसदों की सदस्यता आज बहाल होने की संभावना

Must read

नई दिल्ली। संसद के बजट सत्र के दौरान निलंबित किए गए आठ विपक्षी सांसदों की सदस्यता आज बहाल होने की संभावना है। जानकारी के अनुसार, इस संबंध में सहमति बनने के बाद आज लोकसभा में उनके निलंबन को रद्द करने का प्रस्ताव लाया जा सकता है। प्रस्ताव पारित होने के बाद ये सभी सांसद फिर से सदन की कार्यवाही में भाग ले सकेंगे।
बताया गया है कि इस मुद्दे पर ओम बिरला द्वारा बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में आम सहमति बन गई है। बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने इस बात पर सहमति जताई कि सदन की गरिमा बनाए रखते हुए निलंबन वापस लेने का प्रस्ताव लाया जाए।

गौरतलब है कि इन आठ विपक्षी सांसदों को 4 फरवरी को लोकसभा से निलंबित कर दिया गया था। उन पर सदन के नियमों का उल्लंघन करने, हंगामा करने और कागज फेंकने जैसे आरोप लगे थे। यह स्थिति उस समय बनी थी जब राहुल गांधी द्वारा पूर्वी लद्दाख में वर्ष 2020 में चीन के साथ हुए सीमा तनाव से जुड़ा एक संदर्भ उठाए जाने के बाद सदन में तीखा विवाद और हंगामा शुरू हो गया था।

इस बीच लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने हाल ही में सभी राजनीतिक दलों के नेताओं को पत्र लिखकर सदन के भीतर बैनर, पोस्टर और तख्तियों के इस्तेमाल पर नाराजगी भी जताई थी। उन्होंने कहा था कि संसद में गरिमामय चर्चा और संवाद की एक लंबी और गौरवशाली परंपरा रही है, जिसे बनाए रखना सभी सदस्यों की सामूहिक जिम्मेदारी है।

सर्वदलीय बैठक में यह भी तय किया गया कि भविष्य में सांसद सदन के भीतर तख्तियां, पोस्टर या कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से तैयार तस्वीरों का इस्तेमाल नहीं करेंगे और संसदीय परंपराओं तथा अनुशासन का पालन करेंगे।

सूत्रों के अनुसार, आज सदन में प्रस्ताव पारित होते ही इन आठों सांसदों का निलंबन समाप्त हो जाएगा और वे फिर से संसद की कार्यवाही में हिस्सा ले सकेंगे। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह फैसला संसद की कार्यवाही को सुचारु रूप से चलाने और सदन में संवाद का माहौल बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article