ट्रैक्टर चालक ने विधायक पति पर मारपीट का लगाया आरोप, पुलिस कर रही जांच
कंपिल (फर्रुखाबाद)। बंद पड़ी उत्तर प्रदेश सहकारी सूत मिल परिसर में कथित अवैध खनन की शिकायत के बाद सोमवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। कायमगंज के एसडीएम अतुल कुमार और खनन निरीक्षक संजय सिंह ने सूत मिल परिसर का जायजा लिया और वहां चल रहे ध्वस्तीकरण कार्य की स्थिति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परिसर के विभिन्न हिस्सों का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान वहां मौजूद ठेकेदार गणपत चौधरी से भी कार्य के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। अधिकारियों ने देखा कि मिल की जर्जर इमारतों को गिराने का काम चल रहा है और उसी से निकले मलबे को ट्रैक्टरों के माध्यम से बाहर ले जाया जा रहा है।
एसडीएम अतुल कुमार ने बताया कि निरीक्षण के दौरान किसी प्रकार का अवैध खनन नहीं पाया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि मिल परिसर में केवल जर्जर भवनों को ध्वस्त करने का कार्य चल रहा है और जो मलबा निकल रहा है उसे हटाया जा रहा है।
इसी दौरान ट्रैक्टर चालक अखिलेश अपने पिता किशनलाल के साथ सूत मिल परिसर पहुंच गया। उन्होंने अधिकारियों के सामने शनिवार को हुई घटना का जिक्र करते हुए विधायक पति पर मारपीट का आरोप लगाया और उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग की।
बताया गया कि शनिवार की शाम अवैध खनन की सूचना पर विधायक पति अपने कुछ साथियों के साथ सूत मिल परिसर पहुंचे थे। उसी दौरान ट्रैक्टर चालक अखिलेश ने आरोप लगाया कि उसके साथ मारपीट की गई। इस घटना के बाद अखिलेश के पिता किशनलाल ने कंपिल थाना पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी।
हालांकि प्रशासनिक जांच में अब तक अवैध खनन की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन मारपीट के आरोपों को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस का कहना है कि प्राप्त तहरीर के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
सूत मिल परिसर में अवैध खनन की शिकायत पर प्रशासन का छापा, निरीक्षण में नहीं मिली पुष्टि


