मेरठ/सहारनपुर। जिले में बीती रात आई तेज आंधी और बारिश ने बड़ा हादसा करा दिया। नकुड़ रोड पर सड़क किनारे एक दुकान के बाहर लगा टीन शेड तेज तूफान के कारण अचानक भरभराकर गिर पड़ा। उसके नीचे खड़े दो लोग दब गए और दोनों की मौत हो गई। मृतकों में भटपुरा गांव के पूर्व प्रधान जयपाल सैनी (50) और नवादा गांव के राम मुकेश सैनी (52) शामिल हैं। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
बताया गया है कि दोनों रविवार को उत्तराखंड के रुड़की क्षेत्र में आयोजित एक पंचायत में शामिल होकर लौट रहे थे। उनकी बाइक सहारनपुर में खड़ी थी और वे उसी से अपने गांव वापस जाने वाले थे। देर रात करीब साढ़े दस बजे जैसे ही वे सरसावा से निकलकर नकुड़ रोड पर पहुंचे, तभी अचानक तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई।
खराब मौसम से बचने के लिए दोनों सड़क किनारे एक दुकान के सामने बने टीन शेड के नीचे खड़े हो गए। इसी दौरान तेज हवाओं के दबाव से शेड उखड़कर अचानक नीचे गिर पड़ा और दोनों उसके मलबे में दब गए। रात के अंधेरे और बारिश के कारण आसपास के लोगों को भी घटना का तुरंत पता नहीं चल सका।
करीब तीन बजे रात में गश्त पर निकली पुलिस की टीम ने सड़क किनारे खड़ी बाइक देखी तो उन्हें संदेह हुआ। जांच करने पर पास ही गिरे टीन शेड के नीचे दोनों व्यक्ति दबे मिले। पुलिसकर्मियों ने तत्काल उन्हें बाहर निकालकर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पूर्व प्रधान जयपाल सैनी के निधन से उनके गांव और आसपास के इलाके में गहरा शोक व्याप्त है।


