फर्रुखाबाद। शहरी गरीबों और निम्न एवं मध्यम आय वर्ग के परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत जनपद फर्रुखाबाद में लाभार्थियों को बड़ी राहत मिली है। सोमवार को आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश के 90 हजार लाभार्थियों के खातों में पहली किस्त की धनराशि सीधे हस्तांतरित की गई। इसी क्रम में फर्रुखाबाद जनपद के 368 पात्र लाभार्थियों को भी प्रथम किस्त के रूप में कुल 3 करोड़ 68 लाख रुपये की धनराशि उनके खातों में भेजी गई।
जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) द्वारा संचालित इस योजना की शुरुआत 1 सितंबर 2024 से की गई थी। यह योजना वर्ष 2029 तक संचालित की जाएगी, जिसके तहत शहरी क्षेत्रों में रहने वाले गरीब, निम्न आय वर्ग और मध्यम आय वर्ग के परिवारों को पक्का घर उपलब्ध कराया जाएगा। योजना के अंतर्गत प्रत्येक पात्र लाभार्थी को मकान निर्माण के लिए कुल 2 लाख 50 हजार रुपये की अनुदान राशि प्रदान की जाती है। यह राशि तीन किश्तों में दी जाती है, जिसमें पहली और दूसरी किश्त के रूप में एक-एक लाख रुपये तथा अंतिम किश्त के रूप में 50 हजार रुपये नियमानुसार प्रदान किए जाते हैं।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 100 लाभार्थियों को जनप्रतिनिधियों द्वारा स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में लखनऊ में आयोजित मुख्यमंत्री के मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी देखा गया। अधिकारियों ने बताया कि जिन लाभार्थियों को पहली किस्त जारी की गई है, उन्हें इसकी सूचना उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर संदेश के माध्यम से भी मिल रही है।
डूडा अधिकारियों के अनुसार प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के प्रथम चरण में ही फर्रुखाबाद जनपद के 11,514 लाभार्थियों को पक्का आवास उपलब्ध कराया जा चुका है, जिससे हजारों परिवारों को स्थायी आवास की सुविधा मिल चुकी है। वर्तमान चरण में भी पात्र लोगों को योजना का लाभ दिलाने के लिए लगातार सर्वे और चयन की प्रक्रिया जारी है।
इस अवसर पर कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव, अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य, जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, उपजिलाधिकारी (न्यायिक) एवं परियोजना अधिकारी गजराज सिंह यादव, सीएलटीसी नितिन सक्सेना सहित डूडा के समस्त कर्मचारी मौजूद रहे।
निकायवार आंकड़ों के अनुसार फर्रुखाबाद नगर क्षेत्र के 1, कमालगंज के 39, खिमसेपुर के 140, संकिसा के 80 और शमसाबाद के 108 लाभार्थियों को प्रथम किस्त जारी की गई। इस प्रकार कुल 368 लाभार्थियों को योजना के अंतर्गत पहली किश्त का लाभ मिला है। जिला प्रशासन ने बताया कि आगे भी पात्र परिवारों को चिन्हित कर योजना का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि शहरी क्षेत्रों में रहने वाले जरूरतमंद लोगों को पक्का और सुरक्षित आवास मिल सके।


