फर्रुखाबाद। शमशाबाद थाना क्षेत्र के एक युवक की फरीदाबाद में सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो जाने से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और रोते-बिलखते परिजन फरीदाबाद के लिए रवाना हो गए।
जानकारी के अनुसार शमशाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम रोसराबाद निवासी सतीश सिंह गंगवार का लगभग 30 वर्षीय पुत्र अंकुर गंगवार हरियाणा के फरीदाबाद में एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। बताया गया है कि सोमवार शाम अंकुर किसी आवश्यक कार्य से कहीं जा रहा था, तभी अचानक वह सड़क दुर्घटना का शिकार हो गया। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
उधर जब युवक की मौत की दुखद सूचना परिजनों तक पहुंची तो परिवार में चीख-पुकार मच गई। बेटे के असमय निधन की खबर सुनकर माता-पिता और अन्य परिजन बिलख उठे। पूरे मोहल्ले में भी गहरा शोक और मायूसी का माहौल देखा गया। सूचना मिलते ही परिजन तत्काल फरीदाबाद के लिए रवाना हो गए।
बताया गया है कि मृतक अंकुर गंगवार अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसके परिवार में पत्नी आरती, चार वर्षीय पुत्र आरव और मां गीता देवी हैं। बेटे की मौत की खबर सुनकर मां और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्राम प्रधान सुदेश कुमार ने बताया कि अंकुर फरीदाबाद में एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी कर रहा था। अचानक सड़क दुर्घटना में उसकी मौत की सूचना मिलने से पूरे गांव में शोक का माहौल है। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही परिजन फरीदाबाद के लिए रवाना हो गए।


