27.5 C
Lucknow
Monday, March 16, 2026

आकाशीय बिजली गिरने से इंसुलेटर फटे, दो फीडरों की बिजली ठप; दर्जनों गांवों में छाया अंधेरा

Must read

फर्रुखाबाद। शमशाबाद क्षेत्र में रविवार सुबह खराब मौसम और आकाशीय बिजली के कहर से विद्युत व्यवस्था चरमरा गई। आकाशीय बिजली गिरने से दो विद्युत उपकेंद्रों के इंसुलेटर फट गए, जिसके चलते दर्जनों गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई और सैकड़ों उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार बीते दिवस मौसम खराब होने के कारण क्षेत्र में तेज हवाओं के साथ बेमौसम बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली कड़कने लगी। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने से हुसैनपुर तराई विद्युत उपकेंद्र और हजियापुर विद्युत उपकेंद्र की लाइनों को नुकसान पहुंचा। तेज झटके के कारण दोनों उपकेंद्रों के इंसुलेटर फट गए, जिससे विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई।

बताया गया है कि हुसैनपुर तराई उपकेंद्र से जुड़े लगभग 90 गांवों की बिजली बंद हो गई, जबकि हजियापुर विद्युत उपकेंद्र से संचालित करीब 80 गांवों की बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई। अचानक बिजली गुल होने से क्षेत्र के दर्जनों गांवों के सैकड़ों उपभोक्ताओं के घरों में अंधेरा छा गया।

घटना की सूचना मिलते ही विद्युत विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और लाइनों की पेट्रोलिंग शुरू की। पेट्रोलिंग के दौरान कई स्थानों पर विद्युत लाइनें क्षतिग्रस्त पाई गईं तथा इंसुलेटर फटने की पुष्टि हुई। इसके बाद कर्मचारियों ने तेजी से मरम्मत कार्य शुरू कर दिया और विद्युत आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया।

गौरतलब है कि गर्मी का मौसम शुरू होने के साथ ही बिजली की आवश्यकता बढ़ गई है। बिजली से ही घरों में पंखा, टीवी, फ्रिज, कूलर जैसे उपकरण चलते हैं, वहीं किसानों के खेतों में लगे नलकूप भी बिजली पर ही निर्भर हैं। इसके अलावा आम आदमी की दैनिक जरूरतों में शामिल मोबाइल फोन भी बिजली के बिना बेकार हो जाते हैं।

ऐसे में अचानक बिजली व्यवस्था ठप हो जाने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। फिलहाल विद्युत विभाग के कर्मचारी क्षतिग्रस्त लाइनों की मरम्मत कर बिजली आपूर्ति बहाल करने में जुटे हुए हैं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article