शमशाबाद (फर्रुखाबाद)। थाना शमशाबाद क्षेत्र में रविवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई जब एक युवक का शव गांव के बाहर आम के पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य एकत्रित किए। बाद में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय फतेहगढ़ भेज दिया।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम नगला धनी निवासी संतराम का 22 वर्षीय पुत्र बृजेश कुमार रविवार शाम घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। काफी समय तक घर न पहुंचने पर परिजनों को चिंता हुई और ग्रामीणों के साथ उसकी तलाश शुरू की गई। रात करीब 12 बजे गांव से कुछ दूरी पर खेतों के पास स्थित एक आम के पेड़ पर युवक का शव रस्सी के सहारे फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला।
शव को फंदे पर लटका देख परिजनों में कोहराम मच गया और मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। घटना की सूचना ग्राम प्रधान द्वारा पुलिस को दी गई, जिसके बाद शमशाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी, जिसके बाद फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्रित किए। प्रारंभिक जांच में युवक द्वारा रस्सी के सहारे आम के पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
बताया गया है कि मृतक नोएडा/दिल्ली में रहकर काम करता था और कुछ दिन पहले ही घर आया था। इसी बीच उसका छोटा भाई मौसम परिजनों के साथ दिल्ली चला गया था और घर पर केवल उसकी मां ही मौजूद थीं। बृजेश अविवाहित था और दो भाइयों में बड़ा था।
युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई। घटना को लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं भी होती रहीं, हालांकि युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। परिजनों का कहना है कि उनका किसी से कोई विवाद भी नहीं था और उन्हें भी समझ नहीं आ रहा कि आखिर बृजेश ने यह कदम क्यों उठाया।
शमशाबाद थाना पुलिस का कहना है कि सूचना के आधार पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय फतेहगढ़ भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।


