हरदोई जनपद में उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक (सी) भर्ती परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित की जा रही है। शनिवार को परीक्षा की पहली पाली शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई, जबकि दूसरी पाली की परीक्षा निर्धारित समय पर शुरू होने वाली है। परीक्षा केंद्रों पर प्रशासन और पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहे।
परीक्षा को नकलविहीन और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले सभी परीक्षा केंद्रों के गेट बंद कर दिए गए थे, जिसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया गया। केंद्रों में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन तलाशी ली गई और पहचान पत्र की गहन जांच की गई।
जिले में आर.आर. इंटर कॉलेज, गंगा देवी इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, जीआईसी हरदोई, आर्य कन्या डिग्री कॉलेज, महाराणा प्रताप राजकीय डिग्री कॉलेज और गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक सहित कई शिक्षण संस्थानों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। सभी केंद्रों पर पुलिस बल, मजिस्ट्रेट और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में परीक्षा कराई जा रही है।
परीक्षा के दौरान केंद्रों के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और अनावश्यक भीड़ को दूर रखा जा रहा है। यातायात पुलिस ने भी परीक्षा केंद्रों के आसपास यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा है, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और शुचिता के साथ संपन्न कराया जा रहा है और किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


