27.4 C
Lucknow
Saturday, March 14, 2026

पेट्रोल, डीजल और एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता, अफवाहों पर ध्यान न देने की डीएम प्रणय सिंह ने की अपील

Must read

कासगंज। पेट्रोल, डीजल और एलपीजी गैस की कमी को लेकर सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर फैल रही अफवाहों के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति को पूरी तरह सामान्य बताया है। जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने स्पष्ट किया है कि जिले में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की पर्याप्त उपलब्धता है तथा आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी तरह की भ्रामक खबरों या अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से गैस सिलिंडर या अन्य ईंधन का भंडारण न करें।

बताया जा रहा है कि बीते कुछ दिनों से गैस की कमी की अफवाह तेजी से फैलने के कारण बड़ी संख्या में लोग गैस एजेंसियों और गोदामों पर सिलिंडर लेने के लिए पहुंच रहे हैं। इससे कई स्थानों पर अनावश्यक भीड़ की स्थिति भी देखने को मिल रही है। हालांकि प्रशासन और गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि जिले में गैस की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है और किसी भी प्रकार की कमी नहीं है।

जिले के विभिन्न गैस एजेंसी संचालकों ने बताया कि कुकिंग गैस की आपूर्ति नियमित रूप से की जा रही है और उपभोक्ताओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर सिलिंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। जिन उपभोक्ताओं ने घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से गैस सिलिंडर बुक किया है, उनके घर तक कंपनी के डिलीवरी मैन द्वारा दूसरे या तीसरे दिन सिलिंडर पहुंचाया जा रहा है। एजेंसी संचालकों का कहना है कि गैस कंपनियों की ओर से भी लगातार सप्लाई भेजी जा रही है, जिससे उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।

जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने कहा कि प्रशासन द्वारा पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों की व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में आम जनता को आवश्यक वस्तुओं की कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने लोगों से संयम बनाए रखने और जरूरत के अनुसार ही गैस सिलिंडर लेने की अपील की, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके।

डीएम ने यह भी निर्देश दिए हैं कि सभी गैस एजेंसी संचालक उपभोक्ताओं को समय पर गैस की होम डिलीवरी सुनिश्चित करें और किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि अफवाहों से बचें और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर प्रशासन को तत्काल सूचना दें, ताकि उसका समाधान कराया जा सके।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article