27.4 C
Lucknow
Friday, March 13, 2026

गैस की लाइन में खड़े-खड़े चली गई जान, फर्रुखाबाद में गैस की किल्लत ने ली जान 

Must read

-सिलेंडर की लाइन में खड़े अधेड़ को पड़ा हार्ट अटैक

– लालसराय स्थित भारत गैस एजेंसी पर लगी थी लंबी लाइन, पर्ची लेने आए मोहम्मद मुख्तियार अंसारी की अचानक मौत से मचा कोहराम

फर्रुखाबाद। जिले में इन दिनों गैस सिलेंडर की किल्लत आम लोगों के लिए भारी परेशानी का कारण बनी हुई है। इसी किल्लत के बीच शुक्रवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जब गैस सिलेंडर लेने के लिए लाइन में खड़े एक अधेड़ व्यक्ति की अचानक तबीयत बिगड़ गई और दिल का दौरा पड़ने से उसकी मौत हो गई। घटना के बाद एजेंसी परिसर में अफरा-तफरी मच गई और परिवार में कोहराम छा गया।

जानकारी के अनुसार कोतवाली फर्रुखाबाद क्षेत्र के मोहल्ला बड़ी गढ़ी निवासी मोहम्मद मुख्तियार के घर गैस सिलेंडर खत्म हो गया था। गैस की भारी कमी के कारण उन्होंने लालसराय स्थित भारत गैस एजेंसी पर सिलेंडर लेने के लिए नंबर लगवाया था।

मृतक के भतीजे मोहम्मद वसी ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे मोहम्मद मुख्तियार अंसारी एजेंसी कार्यालय पर लगी लंबी लाइन में सिलेंडर की पर्ची लेने के लिए खड़े थे। उस समय वहां पहले से ही बड़ी संख्या में लोग लाइन में लगे हुए थे और कई लोग घंटों से अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे।

इसी दौरान अचानक मोहम्मद मुख्तियार की तबीयत बिगड़ने लगी और कुछ ही देर में वह जमीन पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें संभाला और स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें बचाने का प्रयास शुरू किया। लोगों ने मौके पर ही सीपीआर (पंपिंग) और मुंह से सांस देकर उन्हें होश में लाने की कोशिश की, लेकिन उनकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजन उन्हें तत्काल हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. उदय राज के अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार उन्हें गंभीर हृदयाघात (हार्ट अटैक) आया था।

मोहम्मद मुख्तियार अंसारी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वहीं एजेंसी परिसर में मौजूद लोगों में भी इस घटना को लेकर गहरा दुख और आक्रोश देखने को मिला।

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में कई दिनों से गैस सिलेंडर की भारी किल्लत बनी हुई है। सिलेंडर लेने के लिए लोगों को सुबह से घंटों लंबी लाइनों में खड़ा रहना पड़ता है। लोगों ने आरोप लगाया कि आपूर्ति व्यवस्था ठीक न होने के कारण आम उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

इस दर्दनाक घटना के बाद लोगों ने प्रशासन और गैस एजेंसियों से गैस आपूर्ति व्यवस्था को जल्द सुधारने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को ऐसी त्रासदी का सामना न करना पड़े।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article