बदायूं जिले में होली के दिन डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद के मामले में करणी सेना के कार्यकर्ताओं और समाज के लोगों ने प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है। बुधवार को करणी सेना के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मालवीय आवास गृह पहुंचे, जहां उन्होंने प्रदर्शन कर जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपा और मामले में निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
करणी सेना के जिलाध्यक्ष करुणेश सिंह राठौड़ ने बताया कि चार मार्च को होली के दिन बिल्सी थाना क्षेत्र के गांव कठौली में ग्रामीण एकत्र होकर डीजे बजाते हुए होली का पर्व मना रहे थे। इसी दौरान गांव के कुछ लोगों के साथ कहासुनी हो गई और डीजे बंद कराने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि जब युवकों ने डीजे बंद करने से इनकार किया तो दूसरे पक्ष के लोगों ने एससी-एसटी एक्ट लगाने की धमकी देते हुए गाली-गलौज की। इसके बाद दोनों पक्षों के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए और विवाद बढ़ने पर पथराव की घटना भी हुई। इस मामले में पुलिस ने 15 लोगों को नामजद करते हुए करीब 40 से 50 अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
करणी सेना के पदाधिकारियों का कहना है कि पुलिस को इस मामले में निष्पक्ष कार्रवाई करनी चाहिए। उनका कहना है कि यदि कार्रवाई की जाती है तो दोनों पक्षों के खिलाफ की जाए, अन्यथा प्रशासन की पहल पर दोनों पक्षों के बीच समझौता कराकर मामले का शांतिपूर्ण समाधान कराया जाए।


