दुबई। दुबई में स्थित दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास ड्रोन हमले की खबर से हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार ईरान की ओर से दो ड्रोन दागे गए, जिनके कारण हुए विस्फोट में एक भारतीय नागरिक सहित चार लोग घायल हो गए।
अधिकारियों के अनुसार इस घटना में एक भारतीय, दो घाना के नागरिक और एक बांग्लादेशी नागरिक को हल्की चोटें आई हैं। घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता दी गई और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना के बावजूद एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि विमानों का परिचालन सामान्य रूप से जारी है और यात्रियों की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है।
सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटीं
दुबई की सुरक्षा एजेंसियां और अंतरराष्ट्रीय जांच दल ड्रोन हमले की पूरी जांच कर रहे हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार ड्रोन एयरपोर्ट के बाहरी क्षेत्र में गिरे, जिससे सीमित नुकसान हुआ।
घटना के बाद एयरपोर्ट और आसपास के इलाकों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ा हुआ है और क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर चिंता भी बढ़ रही है।


