25.4 C
Lucknow
Tuesday, March 10, 2026

किराया लेकर टिकट न बनाने पर बस कंडक्टर पर कार्रवाई, सचल दस्ते ने पकड़ा मामला, 10 गुना जुर्माना वसूला

Must read

मैनपुरी। जनपद के किशनी क्षेत्र में उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बस में यात्रियों से किराया लेने के बावजूद टिकट न बनाने का मामला सामने आया है। सचल जांच दल ने चेकिंग के दौरान इस अनियमितता को पकड़ा, जिसके बाद बस कंडक्टर पर कार्रवाई करते हुए उससे दस गुना जुर्माना वसूला गया। इस घटना के सामने आने के बाद परिवहन विभाग में भी हलचल मच गई है।
जानकारी के अनुसार इटावा डिपो की एक बस फर्रुखाबाद से इटावा की ओर जा रही थी। इसी दौरान किशनी कस्बे के पास स्थित सोहम आश्रम के समीप परिवहन विभाग के सचल दस्ते ने नियमित चेकिंग के दौरान बस को रुकवाया। जांच के दौरान बस में सवार यात्रियों से टिकट के संबंध में जानकारी ली गई। जांच में पता चला कि बस में सवार दो यात्री कुसमरा से इटावा जाने के लिए बैठे थे और उन्होंने कंडक्टर को किराया भी दे दिया था, लेकिन इसके बावजूद कंडक्टर ने उनकी टिकट नहीं बनाई थी।
जांच के दौरान इस लापरवाही के सामने आते ही सचल दस्ते ने तत्काल कार्रवाई की। यातायात निरीक्षक सुनील शर्मा, भुवनेश कुमार तथा बस चालक धीरेंद्र की मौजूदगी में दोनों यात्रियों की मौके पर ही टिकट बनवाई गई। साथ ही नियमों के उल्लंघन पर बस कंडक्टर रोली राजपूत से निर्धारित नियमों के अनुसार दस गुना जुर्माना वसूला गया।
परिवहन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों से किराया लेकर टिकट न बनाना गंभीर अनियमितता है और इससे निगम को राजस्व का नुकसान भी होता है। इस तरह की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाता है और दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाती है।
यातायात निरीक्षक सुनील शर्मा ने बताया कि पूरे मामले की रिपोर्ट तैयार कर क्षेत्रीय प्रबंधक (आरएम) इटावा को भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article