कालाबाजारी और गैस रिफिलिंग करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
फर्रुखाबाद। जिले में पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद के सभी पेट्रोल पंपों पर ईंधन का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) सुरेंद्र यादव ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें। साथ ही चेतावनी दी कि यदि कोई पेट्रोल-डीजल की कालाबाजारी करता हुआ पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बताया जा रहा है कि अमेरिका, इस्राइल और ईरान के बीच चल रहे तनाव के चलते ईंधन संकट की अफवाहें तेजी से फैल रही हैं। इसी का फायदा उठाकर कुछ लोग पेट्रोल और डीजल की सप्लाई न होने की बात कहकर लोगों को गुमराह करने में लगे हुए हैं, जिससे आम जनता परेशान हो रही है।
जानकारी के अनुसार शमसाबाद क्षेत्र के कुछ पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल-डीजल की सप्लाई रुक-रुक कर दी जा रही है, जिसके कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालात यह हैं कि कई लोग ईंधन भरवाने के लिए शमसाबाद से कायमगंज की ओर जाने को मजबूर हो रहे हैं।
इस संबंध में जिला पूर्ति अधिकारी सुरेंद्र यादव ने बताया कि शमसाबाद क्षेत्र के कुछ पेट्रोल पंपों पर मांग के अनुसार सप्लाई नहीं मिल पाई थी, लेकिन वहां भी फिलहाल पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई पेट्रोल पंप संचालक या अन्य व्यक्ति कालाबाजारी करने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कनेक्शन पर ही मिलेगी गैस सिलेंडर की डिलीवरी
डीएसओ ने बताया कि जनपद में घरेलू गैस सिलेंडर की डिलीवरी को लेकर कुछ बदलाव किए गए हैं। अब गैस सिलेंडर केवल वैध कनेक्शन धारकों को ही नियमानुसार उपलब्ध कराया जाएगा।
गैस रिफिलिंग करने वालों पर विभाग की नजर
उन्होंने यह भी बताया कि जनपद में अवैध रूप से गैस रिफिलिंग करने वालों पर विभाग की कड़ी नजर है। यदि कहीं भी गैस रिफिलिंग करते हुए कोई पकड़ा गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी अनियमितता की सूचना तुरंत संबंधित विभाग को दें।


