नई दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली (Delhi) के खजूरी खास (Khajuri Khas) इलाके में मोटरसाइकिल पर सवार चार अज्ञात लोगों ने 27 वर्षीय एक ‘कलेक्शन एजेंट’ से नकदी से भरा बैग लूट लिया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पीड़ित अविनाश ओल्ड सीलमपुर का निवासी है और चांदनी चौक क्षेत्र में एक कबाड़ व्यवसायी के लिए ‘कलेक्शन एजेंट’ के रूप में काम करता है।
पुलिस ने बताया कि यह घटना शनिवार को इलाके में एक बैंक एटीएम के पास हुई। एक अधिकारी ने बयान में कहा, ‘अविनाश अपने स्कूटर पर नकदी ले जा रहा था, तभी एटीएम के पास दो मोटरसाइकिल पर सवार चार लोगों ने उसे रोक लिया। हमलावरों ने उसे हथियार दिखाकर धमकाया, नकदी से भरा उसका बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए।’
सूचना मिलने पर पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एक फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का मुआयना किया और सबूत एकत्र किए। पुलिस ने कहा कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की पहचान व उन्हें पकड़ने के लिए टीम तैनात कर दी गई हैं।
वहीं, दूसरी ओर दिल्ली नगर निगम ने रविवार को तोड़ फोड़ अभियान चलाया और उत्तम नगर में होली पर हुई झड़प के मामले में एक आरोपी से जुड़े घर के अवैध हिस्सों को गिरा दिया। इस झड़प में 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई थी।
इलाके में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। सूत्रों ने बताया कि नगर निगम के अधिकारी बुलडोजर लेकर मौके पर पहुंचे और उन्होंने इमारत के ‘केवल अवैध रूप से निर्मित हिस्सों’ को गिराया, न कि पूरे घर को।


