हरदोई जिले के सांडी विकास खंड के जिगनी चौगवां गांव में शिकायत निस्तारण के लिए बुलाई गई बैठक के दौरान अचानक हंगामा खड़ा हो गया। आरोप है कि बैठक के दौरान कुछ लोगों ने अभिलेख छीनने की कोशिश की, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और धक्का-मुक्की होने लगी। इस घटना का 61 सेकेंड का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी लक्ष्मी सिंह ने आईजीआरएस के माध्यम से मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी से शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उनके परिवार का नाम परिवार रजिस्टर में दर्ज नहीं किया जा रहा है। साथ ही परिवार के ही कुछ लोगों और ग्रामीणों पर जमीन और मकान पर कब्जा करने का आरोप भी लगाया गया था।
इसी शिकायत के निस्तारण के लिए शनिवार को गांव में बैठक बुलाई गई थी। बैठक में ग्राम पंचायत अधिकारी राजेश मिश्रा और ग्राम प्रधान बिहारीलाल मौजूद थे। आरोप है कि इसी दौरान एक पक्ष के लोगों ने दबंगई दिखाते हुए अभिलेख छीनने की कोशिश की, जिससे माहौल बिगड़ गया और वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद ग्राम पंचायत अधिकारी ने पूरे मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी है। काजल रावत, खंड विकास अधिकारी सांडी ने बताया कि मामला संज्ञान में है और पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


