32 C
Lucknow
Tuesday, March 10, 2026

बहगुल-भाखड़ा नदी के संगम में नहाने गए चार बच्चे डूबे, एक लापता

Must read

बरेली के फतेहगंज पश्चिमी इलाके में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। गांव पनवड़िया के पास बहगुल नदी और भाखड़ा नदी के संगम में नहाने गए चार बच्चे अचानक डूबने लगे। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तीन बच्चों को बाहर निकाल लिया, जबकि एक बच्चा लापता हो गया।

जानकारी के अनुसार रहपुरा जागीर गांव के चार बच्चे — प्रवीन कुमार, दीपक, बॉबी और विपिन (उम्र लगभग 10 से 12 वर्ष) अपने गांव से करीब तीन किलोमीटर दूर नदी के संगम पर नहाने गए थे। दोपहर करीब तीन बजे जब चारों बच्चे नदी में उतरे तो तेज धारा में बहने लगे। खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने तुरंत नदी में कूदकर दीपक, उसके भाई विपिन और बॉबी को बचा लिया, लेकिन 12 वर्षीय प्रवीन कुमार पानी में बह गया।

घटना की सूचना मिलने पर प्रयागराज सिंह, थाना प्रभारी फतेहगंज पश्चिमी थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों ने काफी देर तक प्रवीन की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।

इसके बाद प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य के लिए एसडीआरएफ टीम को बुलाने का निर्णय लिया। आलोक कुमार सिंह, एसडीएम मीरगंज ने बताया कि लापता बच्चे की तलाश के लिए एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया है। वहीं घटना के बाद प्रवीन के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम का माहौल है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article