फतेहपुर में कानून व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक ने रविवार को कई निरीक्षकों के तबादले किए हैं। इस फेरबदल में सदर कोतवाली के प्रभारी श्रवण कुमार सिंह को हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया गया है। उनकी जगह बिन्दकी थाना प्रभारी हेमंत कुमार मिश्रा को सदर कोतवाली का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार श्रवण कुमार सिंह को कोतवाली थाना प्रभारी के पद से हटाकर पुलिस लाइन स्थानांतरित किया गया है। गौरतलब है कि उन्हें यह जिम्मेदारी संभाले अभी एक माह भी पूरा नहीं हुआ था। वहीं हेमंत कुमार मिश्रा को बिन्दकी थाना प्रभारी से स्थानांतरित कर सदर कोतवाली का नया थाना प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है।
इसी क्रम में दुर्गेश गुप्ता को हथगांव थाना प्रभारी के पद से हटाकर बिन्दकी थाना प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं संजय कुमार पांडेय को एएचटी थाना प्रभारी के पद से स्थानांतरित कर हथगांव थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा गिरेंद्र पाल सिंह को पुलिस लाइन से एएचटी थाना प्रभारी बनाया गया है।
पुलिस विभाग के अनुसार यह प्रशासनिक फेरबदल जिले की कानून व्यवस्था को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से किया गया है। पुलिस प्रवक्ता (पीआरओ) ने बताया कि नई जिम्मेदारियों के साथ सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में प्रभावी ढंग से कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।


