23.1 C
Lucknow
Monday, March 9, 2026

पुलिस और गोकशों के बीच मुठभेड़, एक आरोपी के पैर में गोली लगी, दो फरार

Must read

कासगंज। गंजडुंडवारा थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात पुलिस और गोकशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जबकि उसके दो अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घायल आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अवैध असलहा और गोकशी से संबंधित उपकरण बरामद किए हैं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि गंजडुंडवारा थाना पुलिस को शनिवार रात सूचना मिली थी कि सुजावलपुर के जंगलों में कुछ लोग गोकशी की वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राधेश्याम के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जंगल क्षेत्र में घेराबंदी करते हुए सर्च अभियान शुरू किया।

पुलिस टीम को अपनी ओर आता देख बदमाश घबरा गए और खुद को घिरता देख उन्होंने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों की गोलीबारी के जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में फायरिंग की। इसी दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा, जबकि उसके दो अन्य साथी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

घायल बदमाश की पहचान तसलीम पुत्र निवासी बाजनगर, थाना गंजडुंडवारा के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से दो जिंदा बैल, एक अवैध 315 बोर का तमंचा, तीन जिंदा कारतूस, तीन चाकू, लकड़ी का गट्टा और रस्सी सहित गोकशी में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी तसलीम एक शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से ही गैंगस्टर एक्ट तथा गोवध निवारण अधिनियम के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं।

मुठभेड़ में घायल हुए आरोपी को पुलिस ने तुरंत उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम और आयुध अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही फरार बदमाशों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस कार्रवाई को लेकर पुलिस अधिकारियों ने टीम की सराहना की है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article