24.6 C
Lucknow
Saturday, March 7, 2026

बंद मकान में चोरी के बाद भी दर्ज नहीं हुई रिपोर्ट, पुलिस पूछताछ में जुटी

Must read

कासगंज। कस्बा क्षेत्र में बृहस्पतिवार की रात एक बंद मकान में हुई चोरी की घटना के बाद भी अभी तक पुलिस द्वारा रिपोर्ट दर्ज नहीं किए जाने का मामला सामने आया है। चोर मकान से नकदी और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए, लेकिन घटना के एक दिन बाद तक भी मामले में मुकदमा दर्ज नहीं हो सका है। पुलिस फिलहाल मामले को संदिग्ध बताते हुए पूछताछ में जुटी हुई है।

कस्बा निवासी शकूर पुत्र मंशी के अनुसार बृहस्पतिवार की रात वह अपने घेर पर सो रहे थे और उनका मकान बंद था। शुक्रवार की सुबह जब वह घर पहुंचे तो घर का सामान बिखरा पड़ा मिला। अलमारी और संदूक की जांच करने पर नकदी और सोने-चांदी के आभूषण गायब मिले। इसके बाद उन्हें घर में चोरी की घटना की जानकारी हुई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए और मामले की चर्चा होने लगी।

बताया गया कि शकूर का बेटा जहूर दिल्ली में नौकरी करता है, जिसके कारण मकान अधिकतर समय बंद ही रहता है। आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने इसी का फायदा उठाकर रात के समय घर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की।

हालांकि घटना सामने आने के बाद भी अभी तक इस मामले में पुलिस द्वारा कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। इसको लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखने को मिल रही है। लोगों का कहना है कि कस्बे में चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाई जानी चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

कोतवाली प्रभारी गोविंद बल्लभ शर्मा का कहना है कि घटना संदिग्ध लग रही है और पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। फिलहाल लोगों से पूछताछ की जा रही है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article