औरैया । कस्बे के मोहल्ला तिलक नगर (पुराना बिधूना) में शनिवार की शाम एक विवाहिता की तबीयत अचानक बिगड़ने से मौत हो गई। परिजन उसे आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधूना लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद महिला के मायके पक्ष में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं मायकेवालों ने ससुराल पक्ष पर इलाज में लापरवाही और मारपीट के आरोप लगाए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार मोहल्ला तिलक नगर निवासी हामिद की 25 वर्षीय बेटी रजिया का निकाह बेला थाना क्षेत्र के गांव पृथ्वीपुर निवासी युवक से हुआ था। परिजनों के मुताबिक रजिया पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रही थी। इस बीच ससुराल पक्ष पांच मार्च को उसे उसके मायके छोड़ गया था, ताकि उसका इलाज कराया जा सके।
बताया गया कि शनिवार को रजिया के पिता हामिद उसे इलाज के लिए कानपुर लेकर गए थे। वहां डॉक्टर को दिखाने के बाद वह उसे वापस बिधूना लेकर लौट आए। घर आने के कुछ समय बाद ही शाम करीब साढ़े पांच बजे रजिया की अचानक तबीयत ज्यादा बिगड़ गई। यह देख परिजन घबरा गए और तुरंत उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधूना ले गए, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
रजिया की मौत की खबर मिलते ही मोहल्ले में लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई और परिजनों में कोहराम मच गया। महिला के पिता हामिद ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी के ससुराल वालों ने समय पर सही इलाज नहीं कराया और उसके साथ मारपीट भी की, जिससे उसकी हालत और बिगड़ गई। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली बिधूना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू कर दी। कोतवाली प्रभारी मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि विवाहिता की मौत के मामले में पुलिस जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा और रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।


