– पमारी गांव में डीजे तेज बजने की शिकायत पर पहुंची
– पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने किया हमला,
– सिपाही मदनगोपाल गंभीर घायल
संभल। बबराला क्षेत्र के गांव पमारी में डीजे तेज बजने की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इस दौरान चौकी इंचार्ज और सिपाही पर ईंट-पत्थरों से हमला किया गया, जिसमें सिपाही मदनगोपाल गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि पुलिस को गांव में तेज आवाज में डीजे बजने की सूचना मिली थी। सूचना पर चौकी इंचार्ज और सिपाही मदनगोपाल मौके पर पहुंचे और डीजे बंद कराने का प्रयास किया। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने पुलिस टीम से कहासुनी शुरू कर दी और देखते ही देखते मामला बढ़ गया।
आरोप है कि ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर अचानक ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। इस हमले में सिपाही मदनगोपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर दिया गया और हालात को नियंत्रित किया गया। पुलिस ने इस मामले में 13 नामजद और 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


