शाहजहांपुर। जनपद में ऑनलाइन भुगतान के नाम पर ठगी का एक और मामला सामने आया है। शहर के गोविंदगंज क्षेत्र में स्थित जूते की दुकान पर दो युवकों ने क्यूआर कोड से भुगतान करने का झांसा देकर 5 हजार रुपये के जूते लेकर फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि उसी दिन राजघाट चौकी क्षेत्र में स्थित एक कार एसेसरीज के मालिक को भी 8 हजार रुपये का चूना लगाया गया।
जूते खरीदकर दिखाया फर्जी मैसेज
गोविंदगंज निवासी निहाल की जूते की दुकान पर दो बाइक सवार युवक पहुंचे। उन्होंने करीब 5000 रुपये कीमत के जूते खरीदे। भुगतान के लिए क्यूआर कोड स्कैन करने की बात कही और मोबाइल पर ट्रांजैक्शन सफल होने का फर्जी स्क्रीनशॉट/मैसेज दिखा दिया। दुकानदार ने जब तक रकम खाते में आने की पुष्टि की, तब तक दोनों युवक वहां से निकल चुके थे।
निहाल का कहना है कि उनके खाते में कोई भुगतान प्राप्त नहीं हुआ है। घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें दोनों युवक साफ दिखाई दे रहे हैं।
कार एसेसरीज दुकान पर भी वारदात
जानकारी के अनुसार, इसी तरह की ठगी की घटना राजघाट चौकी क्षेत्र में स्थित एक कार एसेसरीज की दुकान पर भी हुई। वहां भी आरोपियों ने क्यूआर कोड से भुगतान का झांसा देकर करीब 8 हजार रुपये का सामान ले लिया और फर्जी भुगतान संदेश दिखाकर फरार हो गए। व्यापारियों का मानना है कि दोनों घटनाओं में एक ही गिरोह का हाथ हो सकता है, जो शहर में दुकानदारों को निशाना बना रहा है।


