– अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक बिजली के पोल से टकराई, परिवार में मचा कोहराम
फर्रुखाबाद। मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। इस घटना से गांव में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम बनकटी (पोस्ट बिहार) निवासी स्वर्गीय आनंद प्रकाश के 35 वर्षीय पुत्र सतीश उर्फ सोनू तथा सुखवीर सिंह के 40 वर्षीय पुत्र सोनू बाइक से नबीगंज रोड से सिनौडा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम बढ़नपुर के सामने किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से जा टकराई।
हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना को देख राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल 112 पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को डायल 108 एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद पहुंचाया गया।
अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. सन्नी मिश्रा ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित किए जाने की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
बताया गया कि मृतक सतीश चार भाइयों में सबसे छोटा था, जबकि सोनू दो भाइयों में छोटा था। दोनों युवक जयपुर में वाहन चलाने का कार्य करते थे और कुछ दिनों के लिए अपने घर आए हुए थे।
मृतक सोनू की 10 वर्षीय पुत्री सोलानी तथा पत्नी रिंकी कानपुर में रहती हैं। वहीं सतीश की माता सुशीला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। अचानक हुई इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है और लोग परिजनों को ढांढस बंधाने के लिए उनके घर पहुंच रहे हैं।
घटना की सूचना मिलने पर मदनपुर चौकी प्रभारी जसवीर सिंह मौके पर पहुंचे और दोनों शवों का पंचनामा भरकर उन्हें मोर्चरी में रखवाया गया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि सड़क दुर्घटना के मामले की जांच की जा रही है। अज्ञात वाहन की तलाश के साथ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
होली के त्योहार के बीच हुई इस दर्दनाक दुर्घटना ने पूरे इलाके को गहरे शोक में डुबो दिया है।


