22.3 C
Lucknow
Tuesday, March 3, 2026

ब्रेकर पर उछली बाइक, ट्रक से कुचलकर विवाहिता की मौत; दो मासूम बेटियां हुईं अनाथ

Must read

कासगंज: जनपद के पटियाली क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय विवाहिता की मौत हो गई। वह अपने पिता के साथ बाइक से दवा लेने कायमगंज जा रही थी। रास्ते में बने ब्रेकर पर बाइक उछलने से वह सड़क पर गिर पड़ी और पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे कुचल दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, पटियाली कस्बे के मोहल्ला काजी निवासी बबलू कुरैशी अपनी विवाहिता पुत्री रूही को दवा दिलाने के लिए बाइक से कायमगंज जा रहे थे। जैसे ही वे कायमगंज रेलवे फाटक के पास पहुंचे, सड़क पर बने एक ऊंचे ब्रेकर से उनकी बाइक अचानक उछल गई। झटके के कारण पीछे बैठी रूही संतुलन खो बैठी और सड़क पर गिर गई। दुर्भाग्यवश उसी समय पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक के पहिए उसके ऊपर से गुजर गए, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

इस भयावह दृश्य को देखकर पिता बबलू कुरैशी सदमे में आ गए और गश खाकर वहीं गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और दुर्घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया। चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

रूही की मौत की सूचना मिलते ही उसके मायके और ससुराल पक्ष में चीत्कार मच गई। परिवार के लोग बदहवास हालत में घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद देर रात उसका शव उसके पति सुहेल कुरैशी अपने गांव, थाना सुनगढ़ी क्षेत्र के ग्राम उजीर का नगला ले आए, जहां गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार किया गया।

इस हादसे ने दो मासूम बच्चियों को मां की ममता से वंचित कर दिया। रूही की डेढ़ वर्षीय बेटी माही और छह माह की शिशु बेटी को यह भी समझ नहीं है कि उनकी मां अब इस दुनिया में नहीं रही। अंतिम संस्कार के दौरान रोते-बिलखते परिजनों और मासूम बच्चियों का दृश्य हर किसी की आंखें नम कर गया।

स्थानीय लोगों ने सड़क पर बने खतरनाक ब्रेकर और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article