22.3 C
Lucknow
Tuesday, March 3, 2026

होली मिलन समारोह में मंच छोड़ कार्यकर्ताओं के बीच बैठे अखिलेश यादव, भाईचारे का दिया संदेश

Must read

इटावा: जनपद के सैफई में आयोजित समाजवादी पार्टी के होली मिलन समारोह में मंगलवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का एक अलग और आत्मीय अंदाज देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने प्रोटोकॉल और औपचारिकताओं को दरकिनार करते हुए मंच से उतरकर सीधे कार्यकर्ताओं के बीच जाकर बैठने का निर्णय लिया। उनके इस कदम से उपस्थित कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह और भावनात्मक जुड़ाव देखने को मिला।

सैफई स्थित सपा के ब्लॉक कार्यालय में आयोजित इस होली मिलन समारोह में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, सांसदों, विधायकों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में अखिलेश यादव के साथ सांसद डिंपल यादव , वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव समेत परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। समारोह के दौरान आल्हा गायन का कार्यक्रम चल रहा था और परंपरा के अनुसार रंग खेलने के बजाय सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से उत्सव मनाया गया।

इसी दौरान अखिलेश यादव अचानक मंच से नीचे उतर आए और कार्यकर्ताओं के बीच जाकर बैठ गए। उन्होंने मुस्कराते हुए कहा, “आज आपके साथ बैठूंगा… आप ही असली ताकत हैं।” उनके इस व्यवहार से कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कई कार्यकर्ताओं ने कहा कि जब “भैया” उनके बीच बैठकर संवाद करते हैं तो यह एहसास होता है कि वह आज भी जमीन से जुड़े नेता हैं और कार्यकर्ताओं के सुख-दुख को समझते हैं।

अपने संबोधन में अखिलेश यादव ने होली पर्व को भाईचारे, प्रेम और सौहार्द का प्रतीक बताते हुए सभी से शांति और सादगी के साथ त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सैफई की होली की खासियत यही है कि यहां किसी में कोई भेदभाव नहीं रहता और सभी मिलजुलकर उत्सव मनाते हैं। उन्होंने अपने पिता और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए सादगी और आत्मीयता का संदेश दिया।

समारोह का माहौल पूरी तरह पारिवारिक और आत्मीय रहा। नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच खुला संवाद, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और एकता का संदेश इस आयोजन की विशेषता रहे। सैफई की होली एक बार फिर राजनीतिक कार्यक्रम से आगे बढ़कर सामाजिक समरसता और संगठनात्मक एकजुटता का प्रतीक बनती दिखाई दी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article