22.3 C
Lucknow
Tuesday, March 3, 2026

श्रद्धा और उल्लास के साथ हुआ होलिका दहन, गूंजे जयकारे

Must read

एटा: जनपद में होली पर्व के अवसर पर आस्था और विधि-विधान के साथ होलिका दहन किया गया। जिले के विभिन्न कस्बों और मोहल्लों में शुभ मुहूर्त के अनुसार होलिका जलाई गई। इस दौरान “होलिका माता की जय” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।

राजा का रामपुर क्षेत्र में माडिया चौराहा सहित कुल छह स्थानों पर श्रद्धा और उल्लास के साथ होलिका दहन संपन्न हुआ। निर्धारित समय पर पूजा-अर्चना के बाद होलिका में अग्नि प्रज्वलित की गई। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन करते हुए अक्षत, नारियल, गेहूं की बालियां और अन्य पूजन सामग्री अर्पित की। परिवार की सुख-समृद्धि और आरोग्य की कामना के साथ लोगों ने होलिका की परिक्रमा भी की।

अवागढ़ कस्बे में अधिकांश स्थानों पर सोमवार रात्रि को ही विधि-विधान के साथ होलिका दहन कर दिया गया। रात्रि में बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए और शुभ मुहूर्त के अनुसार पूजा संपन्न कराई गई। श्रद्धालुओं ने होलिका में नई फसल की बालियां अर्पित कर अच्छी उपज और समृद्धि की प्रार्थना की।

कस्बे के कछपुरा मोहल्ला और किला रोड पर मंगलवार देर रात होलिका दहन को लेकर सहमति बनी, जिसके बाद विधिवत कार्यक्रम आयोजित किया गया। निधौली कलां क्षेत्र में तीन स्थानों में से दो स्थानों पर सोमवार और मंगलवार की देर रात होलिका दहन किया गया, जबकि मोहल्ला साढ़ूपुरा में मंगलवार देर रात श्रद्धापूर्वक होलिका जलाई गई।
होलिका दहन के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से स्थानीय प्रशासन भी सतर्क रहा। पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में शांतिपूर्ण माहौल में कार्यक्रम संपन्न हुआ। पूरे जनपद में उल्लास, श्रद्धा और सामाजिक समरसता का वातावरण देखने को मिला। होलिका दहन के साथ ही रंगों के पर्व होली का उत्साह चरम पर पहुंच गया।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article