22.1 C
Lucknow
Monday, March 2, 2026

सैफई तहसील में जमीन के बैनामे को लेकर मारपीट, तीन हिरासत में

Must read

इटावा की सैफई तहसील परिसर स्थित उप निबंधन कार्यालय में जमीन के बैनामे को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट और पथराव हो गया। घटना से तहसील परिसर में अफरातफरी मच गई। मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने मौके से तीन लोगों को हिरासत में लेकर शांति भंग की कार्रवाई की है।

जानकारी के अनुसार, बीते शनिवार को तहसील क्षेत्र के ग्राम नायकपुरा निवासी सर्वेश कुमार (पुत्र दरबारी लाल) अपने गांव के अमृतलाल (पुत्र मेहरबान सिंह) के पक्ष में हाईवे किनारे स्थित करीब दो बीघा जमीन का बैनामा कराने पहुंचे थे। सर्वेश अपने चार भाइयों में से एक हैं और अविवाहित बताए गए हैं। वह अपने हिस्से की पैतृक जमीन बेचने के लिए तहसील आए थे।

बैनामे की सूचना मिलते ही सर्वेश के भाई रामपाल, राम सिंह और श्याम सिंह परिवार की महिलाओं व अन्य सदस्यों के साथ तहसील पहुंच गए। परिजनों ने बैनामा रुकवाने का प्रयास किया। उनका कहना था कि पैतृक जमीन बेचने की कोई आवश्यकता नहीं है और यदि कोई आर्थिक समस्या है तो परिवार सहायता करने को तैयार है। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

देखते ही देखते कहासुनी ने विवाद का रूप ले लिया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। मौके पर खरीददार पक्ष के लोग भी मौजूद थे। आरोप है कि दोनों ओर से लात-घूंसे चले और ईंट-पत्थर फेंके गए। तहसील परिसर में मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई और आसपास के दफ्तरों में कार्यरत कर्मचारी भी बाहर निकल आए।

घटनास्थल के पास ही क्षेत्राधिकारी कार्यालय स्थित है। शोरगुल सुनकर वहां तैनात पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और झगड़ा कर रहे लोगों को अलग किया। हालात को नियंत्रित करने के लिए थाने से अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाया गया। पुलिस ने श्याम सिंह, अमृतलाल और रामपाल को हिरासत में लिया।

पुलिस ने तीनों के खिलाफ शांति भंग की धाराओं में कार्रवाई की है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और यदि तहरीर मिलती है तो आगे की कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। तहसील परिसर में शांति व्यवस्था बहाल कर दी गई है।.

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article