दुबई: मस्कट गवर्नरेट के तट पर सोमवार को एक बड़ा समुद्री हादसा सामने आया, जब विस्फोटक से भरी एक मानवरहित नाव तेल टैंकर से टकरा गई। इस घटना में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि अन्य चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया। घटना ने क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ओमान का रक्षा मंत्रालय ने बयान जारी कर बताया कि समुद्री सुरक्षा केंद्र को सूचना मिली थी कि मस्कट तट से लगभग 52 नॉटिकल मील दूर तेल टैंकर ‘एमकेडी व्योम’ पर एक मानवरहित नाव ने हमला किया। टक्कर के बाद जहाज के इंजन कक्ष में आग लग गई, जिससे विस्फोट हुआ। इस दौरान चालक दल के एक सदस्य की मौत हो गई।
मंत्रालय ने मृतक की राष्ट्रीयता की आधिकारिक पुष्टि नहीं की, लेकिन स्थानीय मीडिया और सरकारी समाचार एजेंसी ओमान न्यूज एजेंसी ने बताया कि मृतक भारतीय नागरिक था। हादसे के समय टैंकर पर कुल 22 चालक दल के सदस्य मौजूद थे, जिनमें से 21 को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
रिपोर्ट के अनुसार, बचाए गए 21 सदस्यों में 16 भारतीय, चार बांग्लादेशी और एक यूक्रेनी नागरिक शामिल हैं। इन्हें पनामा गणराज्य के झंडे वाले वाणिज्यिक जहाज ‘एमवी सैंड’ के माध्यम से सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। हमले के बाद समुद्री सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत राहत और बचाव अभियान शुरू किया।
बताया गया कि मार्शल द्वीप गणराज्य के झंडे वाला यह टैंकर करीब 59,463 मीट्रिक टन कार्गो लेकर जा रहा था। रॉयल नेवी ऑफ ओमान का एक जहाज क्षतिग्रस्त टैंकर की स्थिति पर नजर बनाए हुए है और उसी समुद्री क्षेत्र से गुजरने वाले अन्य जहाजों को आवश्यक नौवहन चेतावनी जारी कर रहा है।
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले होर्मुज जलडमरूमध्य में एक अन्य तेल टैंकर ‘एमवी स्काइलाइट’ पर भी हमला हुआ था, जिसमें चालक दल के चार सदस्य घायल हो गए थे। बताया गया कि उस जहाज के चालक दल में भारत और ईरान के नागरिक शामिल थे। भारत का दूतावास, ओमान ने कहा है कि वह स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है और लापता चालक दल के सदस्यों की तलाश में समन्वय कर रहा है, जिनमें एक भारतीय नागरिक भी शामिल बताया जा रहा है।


