मैनपुरी शहर कोतवाली क्षेत्र के बीच बाजार में होली की भीड़ के दौरान स्कूटी खड़ी करने को लेकर हुए विवाद में एक युवती ने मिठाई की दुकान का काउंटर ईंट मारकर तोड़ दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे बाजार में चर्चा का माहौल है।
दुकानदार बेच लाल पुत्र नत्थू सिंह ने बताया कि उनकी मिठाई की दुकान बृजवासी स्वीट्स के पास स्थित है। होली के चलते बाजार में भारी भीड़ थी। इसी दौरान एक युवती ने अपनी स्कूटी (UP 84AC 8412) दुकान के ठीक सामने खड़ी कर दी, जिससे ग्राहकों की आवाजाही में बाधा उत्पन्न हो रही थी।
जब दुकानदार ने युवती से स्कूटी हटाने का अनुरोध किया, तो वह नाराज हो गई। आरोप है कि कहासुनी के बाद युवती ने गाली-गलौज शुरू कर दी और पास पड़ी एक ईंट उठाकर मिठाई के काउंटर पर दे मारी।
ईंट लगने से कांच का काउंटर टूट गया और दुकान में अफरा-तफरी मच गई। अचानक हुई इस घटना से बाजार में मौजूद लोग भी हैरान रह गए। दुकानदार के मुताबिक काउंटर टूटने से करीब 40 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।
घटना के बाद युवती अपनी स्कूटी लेकर मौके से फरार हो गई। पीड़ित दुकानदार ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। मामले का वीडियो भी पुलिस को सौंपा गया है।
सीओ संतोष कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में दोषी पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


