22.1 C
Lucknow
Monday, March 2, 2026

आबकारी विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई, 770 किलो लहन नष्ट, 100 लीटर अवैध शराब बरामद, 5 अभियोग दर्ज

Must read

फर्रुखाबाद। अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से आबकारी विभाग द्वारा विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश के आदेश एवं जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी जी.पी. गुप्ता के पर्यवेक्षण में विभिन्न क्षेत्रों में एक साथ सघन छापेमारी की गई। आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-1 कुमार गौरव सिंह ने मय स्टाफ तथा कानपुर प्रवर्तन टीम के साथ संदिग्ध ग्राम लकूला में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान लगभग 160 किलोग्राम लहन को मौके पर नष्ट किया गया तथा 28 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। इस संबंध में आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में दो अभियोग पंजीकृत किए गए।

इसी क्रम में आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 सुधांशु चौधरी द्वारा तहसील कायमगंज अंतर्गत ग्राम श्यामनगर में दबिश दी गई। यहां से 60 लीटर अवैध कच्ची शराब तथा लगभग 400 किलोग्राम लहन बरामद किया गया। बरामद लहन को मौके पर ही नष्ट करते हुए दो अभियोग दर्ज किए गए।क्षेत्राधिकारी मोहम्मदाबाद अजय कुमार वर्मा एवं आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-3 रीता वर्मा की संयुक्त टीम ने संदिग्ध ग्राम तकीपुर में छापेमारी की। मौके पर 210 किलोग्राम लहन नष्ट किया गया तथा 12 लीटर कच्ची शराब बरामद कर एक अभियोग पंजीकृत किया गया।

दबिश कार्रवाई के उपरांत थाना मोहम्मदाबाद क्षेत्र में संचालित आबकारी दुकानों का औचक निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण के दौरान स्टॉक रजिस्टर, पीओएस मशीन से बिक्री, ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था तथा सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली की गहन जांच की गई।

पूरे अभियान के दौरान कुल 770 किलोग्राम लहन नष्ट किया गया तथा लगभग 100 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। पांच अभियोग दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध मदिरा कारोबार के विरुद्ध यह प्रवर्तन अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article