23.6 C
Lucknow
Sunday, March 1, 2026

कार और डंपर की आमने-सामने भिड़ंत, बड़ा हादसा टला; आधा दर्जन सवार सुरक्षित

Must read

शमशाबाद, फर्रुखाबाद। फैजबाग–शमशाबाद मार्ग पर रविवार अपराह्न थाना चौराहे के पास कार और डंपर की टक्कर में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि कार में सवार करीब आधा दर्जन लोग बाल-बाल बच गए। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार एटा जनपद के थाना अलीगंज क्षेत्र के गांव नगला उम्मीद निवासी मिथलेश देवी के परिजन, ग्राम बछलैया (थाना नवाबगंज) निवासी शिवरतन की पत्नी माया देवी के निधन के बाद अंतिम संस्कार में शामिल होने ढाई घाट, शमशाबाद जा रहे थे। कार जैसे ही शमशाबाद थाना चौराहे से गुजरी, तभी शमशाबाद से फैजबाग की ओर जा रहे एक डंपर ने कथित लापरवाही से वाहन चलाते हुए कार में टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही कार का साइड हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे और हालात संभाले। बताया जाता है कि डंपर चालक घबराकर वाहन समेत थाना गेट की ओर पहुंच गया, जबकि कार सवार लोग भी पीछे-पीछे वहां पहुंच गए। कार सवारों का आरोप है कि डंपर चालक की लापरवाही के कारण दुर्घटना हुई, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था।

मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ की और घटनाक्रम की जानकारी ली। थाना प्रभारी रमेश सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच के बाद दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से समझौता कर लिया है। पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article