23.6 C
Lucknow
Sunday, March 1, 2026

मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले में उमड़ी मरीजों की भीड़, 49 का पंजीकरण, 11 की शुगर जांच

Must read

शमशाबाद, फर्रुखाबाद। बदलते मौसम के बीच बीमारियों के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फैजबाग में आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले में रविवार को मरीजों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। मेले में विभिन्न बीमारियों से पीड़ित लगभग आधा सैकड़ा मरीज उपचार के लिए पहुंचे।

जानकारी के अनुसार सर्दी की विदाई और गर्मी के आगमन के साथ ही सिरदर्द, खांसी, जुकाम, बुखार जैसी मौसमी बीमारियों के मरीजों की संख्या में वृद्धि हो रही है। इनमें महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग प्रमुख रूप से शामिल हैं। बदलते मौसम के चलते दाद, खाज और खुजली जैसी त्वचा संबंधी समस्याएं भी लोगों को परेशान कर रही हैं। जहां एक ओर कुछ लोग निजी अस्पतालों का रुख कर रहे हैं, वहीं बड़ी संख्या में मरीज सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी पहुंच रहे हैं।

रविवार को आयोजित स्वास्थ्य मेले में फार्मासिस्ट वीरेंद्र राजपूत की मौजूदगी में कुल 49 मरीजों का पंजीकरण किया गया। सभी मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श देने के बाद आवश्यक एवं जीवनरक्षक दवाइयां वितरित की गईं। इसके अतिरिक्त 11 मरीजों की शुगर संबंधी जांच भी की गई, ताकि मधुमेह के संभावित रोगियों की समय रहते पहचान की जा सके।
फार्मासिस्ट वीरेंद्र राजपूत ने बताया कि बदलते मौसम में लोगों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। उन्होंने स्वच्छ पानी पीने, हल्का व पौष्टिक भोजन लेने, धूल और प्रदूषण से बचाव करने तथा छोटे बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी।

स्वास्थ्य मेले के संचालन में वार्ड बॉय राजेश कुमार ने भी राजकीय कार्यों में सहयोग प्रदान किया। स्वास्थ्य विभाग की इस पहल से क्षेत्रीय लोगों को निःशुल्क जांच एवं दवा सुविधा का लाभ मिल रहा है, जिससे आमजन को राहत मिल रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article