22.9 C
Lucknow
Saturday, February 28, 2026

परिषदीय विद्यालयों में बच्चों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर दी होली की शुभकामनाएं

Must read

शमसाबाद, फर्रुखाबाद: होली का त्योहार नजदीक आते ही पूरे क्षेत्र में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिल रहा है। गांव-गांव और कस्बों में रंगों की बहार छाने लगी है। इसी क्रम में शनिवार को शमशाबाद क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं ने अवकाश से पूर्व एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। विद्यालय परिसर बच्चों की हंसी-ठिठोली और रंगों की खुशबू से सराबोर नजर आया।

जानकारी के अनुसार होली का त्योहार आमजन के सिर चढ़कर बोल रहा है। हर कोई इस पर्व को खुशियों और सौहार्द्र के साथ मनाने की तैयारी में जुटा हुआ है। घर-घर पापड़, कचरी और गुजिया बनाई जा रही हैं। बाजारों में परचून की दुकानों से लेकर मिष्ठान भंडारों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। रंग, गुलाल और पिचकारियों की दुकानें सज चुकी हैं और खरीदारी का दौर भी तेज हो गया है।

आगामी 4 मार्च को मनाए जाने वाले होली पर्व को देखते हुए शनिवार को परिषदीय विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया गया। अवकाश की घोषणा होते ही छात्र-छात्राओं में खुशी की लहर दौड़ गई। छुट्टी के समय अधिकांश बच्चों के हाथों में अबीर-गुलाल दिखाई दिया। वे एक-दूसरे को रंग लगाकर होली की शुभकामनाएं देते नजर आए। विद्यालय परिसर में ‘होली है’ के उत्साहपूर्ण स्वर गूंजते रहे।

इस दौरान शिक्षक भी पीछे नहीं रहे। शिक्षकों ने भी बच्चों को अबीर-गुलाल लगाकर होली की बधाई दी और सभी को प्रेम, सौहार्द्र और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने का संदेश दिया। बच्चों ने भी पूरे उत्साह के साथ अपने शिक्षकों को रंग लगाकर शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

विद्यालय से छुट्टी के बाद कुछ बच्चे सड़कों से गुजरते हुए राहगीरों को भी रंग लगाकर होली की बधाई देते दिखाई दिए। हालांकि शिक्षकों द्वारा बच्चों को संयम और मर्यादा के साथ त्योहार मनाने की सीख भी दी गई।

शिक्षा सूत्रों के अनुसार 4 मार्च को रंगों का पर्व होली मनाया जाएगा, जबकि उससे पूर्व होलिका दहन का आयोजन किया जाएगा। क्षेत्र में प्रशासन भी शांतिपूर्ण और सौहार्द्रपूर्ण ढंग से त्योहार संपन्न कराने की तैयारियों में जुटा हुआ है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article