शमशाबाद (फर्रुखाबाद): कायमगंज–फर्रुखाबाद मार्ग पर शमशाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम धमगमा के निकट तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार (uncontrolled car) की टक्कर से एक नीलगाय की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद घबराया कार चालक (driver) वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, वन विभाग और पशु चिकित्सा विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
जानकारी के अनुसार नीलगाय सड़क पार कर रही थी, तभी तेज गति से आ रही कार उससे टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि नीलगाय ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना में कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। शमशाबाद थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू की और कार को कब्जे में ले लिया। वाहन के आधार पर चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
पशु चिकित्सा विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। पशु चिकित्सा प्रभारी डॉ. सुधीर कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक नीलगाय की मौत हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि मृत नीलगाय का पोस्टमार्टम कराकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। कार दुर्घटना की सूचना पर वन विभाग के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पोस्टमार्टम की कार्रवाई समाचार लिखे जाने तक जारी थी।


